डिजिटल डेस्क। कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही दो मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। किदवईनगर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट (फेज-2) में रविवार तड़के दवा कारोबारी शशि रंजन मिश्रा ने अपनी 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों, रिद्धि और सिद्धि की गला रेतकर हत्या कर दी। दोनों बच्चियां मदर टेरेसा मिशन हाईस्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्राएं थीं।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, यह वारदात रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की है। आरोपी पिता ने खुद सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दोनों बच्चियों के शव उनके कमरे में बेड पर खून से लथपथ मिले। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया स्टील का चपड़ बरामद कर लिया है।
हैरान करने वाले तथ्य
हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त शशि रंजन इस जघन्य अपराध को अंजाम दे रहा था, उसकी पत्नी रेशमा और छह वर्षीय बेटा दूसरे कमरे में सो रहे थे। पुलिस के जगाने पर ही मां को इस खौफनाक वारदात का पता चला। बताया जा रहा है कि शशि रंजन और रेशमा ने 12 साल पहले प्रेम विवाह किया था और पिछेल आठ साल से वे इस अपार्टमेंट में किराए पर रह रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी पिता
डीसीपी दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल, हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


