रायपुर। सोशल मीडिया और एआई के इस आधुनिक युग में लोगों में आक्रमकता तेजी से बढ़ रही है। गुस्से को कंट्रोल कर पाना अब इंसान के बस से बाहर होते जा रहा है। ये बातेंं हम यूं ही नहीं कह रहे हैं, गुस्से के चलते लोग अपने ही परिवार के लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी का है, जहां रहने वाले पिता आशीष ने अपनी ही 6 महीने की बेटी को गुस्से में जमीन पर पटक दिया, जिसके बाद उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी आशीष की पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और इसी बात से गुस्से में आकर उसने अपनी मासूम बेटी को पटक दिया। फिलहाल आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार कोटा निवासी सरगम कावरिया की 9 महीने पहले ही आशीष से शादी हुई दी। दोनों ने लव मैरिज की थी। सरगम ने बताया कि 14 अक्टूबर की शाम वह समता कॉलोनी स्थित अपने मायके से वापस लौटी थी। रात करीब नौ बजे पति बाहर से आया और मायके जाने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। वहीं, देर रात करीब डेढ़ बजे उसने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पति ने छह माह की बेटी हिमानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। मां के विरोध करने पर उसने बच्ची को दोबारा पटक दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद सरगम ने अपने मामा ससुर और मामी सास को बुलाया। स्वजन बच्ची को एम्स लेकर पहुंचे।
ऐसा नहीं है कि रायपुर में मासूम बच्चों पर परिजनों ने अत्याचार किया हो। इससे पहले 18 नवंबर 2025 को ऐसा ही एक मामला सामने आया था। कबीर नगर क्षेत्र के हीरापुर सतनामी पारा में ढाई वर्षीय प्रशांत सेन की मौत हुई थी। पुलिस जांच में सौतेले पिता पर लगातार मारपीट करने का आरोप सामने आया। मामले में मां और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सितंबर 2026 में माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई साहूपारा में पारिवारिक विवाद के बाद दिल दहला देने वाली घटना हुई थी। भुनेश्वर साहू ने पत्नी खिलेश्वरी साहू और अपने दो बेटों आशीष (10) व ज्ञान (8) पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित ने खुद को भी घायल कर लिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद की बात सामने आई थी।
पंडरी के तरुण नगर में तीन वर्षीय रोहित और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि सगी मां अन्नू देवी और सौतेला पिता राजा दीप बच्चों को पीटते थे और खाना भी नहीं देते थे। 13 अक्टूबर की घटना में रोहित का हाथ फ्रैक्चर हो गया। शरीर पर सिगरेट से दागने के निशान मिलने की भी जानकारी है। छह साल की बहन लक्ष्मी ने मोहल्लेवालों को घटना बताई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है।

