नई दिल्ली। मालवीय नगर के हौजरानी स्थित एक रेस्तरां में बुधवार सुबह करीब आठ बजे भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में रेस्तरां के बेसमेंट में फंसे 18 लोगों की धुएं और आग की चपेट में आने से मौत हो गई। मलबे के बीच कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
मौके पर भेजी गईं 10 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां
इस घटना को लेकर डीसीपी अनंत मित्तल का कहना है कि हादसे में 12 से 14 लोगों की मौत हो गई है।अग्निशमन विभाग को सुबह 8:50 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर (DO) रविंदर की देखरेख में दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस व दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
लोगों ने गद्दों पर कूदकर बचाई जान
इस हादसे पर DDMA (साउथ डिस्ट्रिक्ट) के SDM जितेंद्र कुमार ने कहा, “जैसे ही हमें कॉल मिली, हमने तुरंत DDMA सेल को एक्टिवेट कर दिया। हमें पता चला है कि इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट चल रहा था। आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। घायलों समेत 7-8 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। ऊपर के फ्लोर पर मौजूद कुछ लोगों ने, स्थानीय लोगों द्वारा सड़क पर बिछाए गए गद्दों पर कूदकर अपनी जान बचाई।”


