श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पेड़ से टकराई, नौ घायल, एक बच्चे की स्थिति गंभीर…

कोरबा। जिले की मड़वारानी पहाड़ी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में नौ श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांजगीर- चांपा जिले के सलखन गांव के 25 श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर कोरबा की मड़वारानी पहाड़ी स्थित मां के दर्शन करने आए थे।

अचानक पिकअप का ब्रेक फेल हो गया

दर्शन के बाद सभी ने भोजन किया और वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उतराई पर अचानक पिकअप का ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार कई श्रद्धालु उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसा जिस स्थान पर हुआ, वहां सड़क में तेज ढलान है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

स्थानी लोगों ने की घायलों की मदद

दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और इमरजेंसी टेक्नीशियन कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल वाहन में बैठाकर उरगा और चांपा के अस्पतालों में भर्ती कराया। समय पर मिली इस सहायता से सभी घायलों को जल्द उपचार मिल सका।

एक बच्चे की हालत गंभीर, सड़क सुधार की मांग

डॉक्टरों के अनुसार घायलों में एक बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज जारी है। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इधर, स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को हादसे की वजह बताते हुए जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!