‘बहुत महत्वपूर्ण बिल ला रहे हैं’, परिसीमन बिल पर अटकलों के बीच किरेन रिजिजू का बड़ा बयान

केंद्र सरकार द्वारा संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने के बाद अब परिसीमन बिल पर चर्चा तेज हो गई है. इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के एक बयान ने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है. उन्होंने फिलहाल यह तो नहीं बताया है कि सरकार कौनसा बिल लेकर आ रही है लेकिन उन्होंने साफ कह दिया है कि सरकार ‘बहुत महत्वपूर्ण बिल ला रही है.’

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से संसद के विशेष सत्र को सार्थक बनाने की अपील की है. उन्होंने विपक्ष से सत्र के दौरान सार्थक चर्चा और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कोई भी सांसद हल्की या गैर-जिम्मेदाराना बात न करे और कोई पार्टी सदन में हंगामा न करे. उन्होंने कहा कि सभी सांसदों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए.

विशेष काम के लिए बुलाया गया विशेष सत्र: किरेन रिजिजू

किरेन रिजिजू ने कहा है कि विशेष काम के लिए ही संसद का विशेष सत्र बुलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में चर्चा होगी, और 2 और 3 दिसंबर को बिल राज्यसभा में चर्चा होगी.

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद के विशेष सत्र को असंवैधानिक बताने वाले विपक्षी नेताओं के बयानों पर भी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि जब भी विशेष सत्र बुलाया जाता है तो उसका मकसद किसी जरूरी विधेयक या राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे पर चर्चा करना होता है.

रिजिजू ने कहा कि विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया को असंवैधानिक बताना या यह कहना कि मानसून सत्र समय से पहले खत्म कर दिया गया गैर जिम्मेदाराना है. उन्होंने कहा कि संसद का मंच बहस और चर्चा के लिए है. सरकार सदन में जो भी विधेयक या प्रस्ताव लाए, उस पर सभी दलों को गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए. किसी प्रस्ताव से सहमत होना या उसका विरोध करना अलग बात है, लेकिन संसद की कार्यवाही चलना जरूरी है.

किरेन रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों और सांसदों से विशेष सत्र में पूरी भागीदारी करने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश की जनता संसद की कार्यवाही देखती है इसलिए सभी की जिम्मेदारी है कि सदन सुचारू रूप से चले.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!