बर्थडे पार्टी में मर्डर : युवक को कैंपर से कुचलकर उतारा मौत के घाट…

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा में शुक्रवार रात ट्रांसपोर्टर की बर्थडे पार्टी में शराब के नशे में थिरकते युवकों के बीच विवाद खूनी वारदात में बदल गई. रिजॉर्ट में युवक की कथित तौर पर कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई. घटना में दीपका के गरुणनगर निवासी उज्जवल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आरोपी तुषार ढांढा वारदात के बाद मौके से वाहन समेत फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. पूरा मामला उरगा थाना क्षेत्र का है.

विवाद के बाद खूनी वारदात

जानकारी के मुताबिक, उरगा स्थित मीरा रिजॉर्ट में ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा के जन्मदिन का जश्न चल रहा था. यहां करीब 20 से 25 युवक पहुंचे थे. नाच-गाने के बीच रात करीब 1:30 बजे किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और माहौल पूरी तरह गरमा गया.

वारदात के बाद आरोपी फरार

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन से उज्जवल सिंह को कुचल दिया. गंभीर चोट लगने से उज्जवल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर पार्टी में शराब का अधिक नशा होने के कारण विवाद होना बताया जा रहा है.

पुलिस की जांच जारी

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस पार्टी में मौजूद अन्य युवकों से भी पूछताछ कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!