आरोपी के कब्जे से मोबाइल, 238 ब्लैंक सिम कार्ड, फिंगरप्रिंट मशीन और 25 हजार रुपये बरामद
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। फर्जी तरीके से सिम कार्ड एक्टिवेट कर अन्य लोगों को बेचकर धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को गैंदाटोला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 238 नग जियो कंपनी के ब्लैंक सिम कार्ड, दो बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन, आधार कार्ड, पेन कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और सिम की खरीदी-बिक्री से प्राप्त 25 हजार रुपये नगद बरामद कर जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मनीष कुमार शांडिल्य (25 वर्ष), पिता सुरेश शांडिल्य, निवासी ग्राम बम्हनीभाठा, थाना डोंगरगांव जियो कंपनी में काम करता था। आरोप है कि कंपनी में कार्य के दौरान मिली सुविधाओं और जानकारी का दुरुपयोग करते हुए वह फर्जी तरीके से सिम कार्ड एक्टिवेट कर उन्हें अन्य व्यक्तियों को बेचकर अवैध धन अर्जित करता था। पोखन मोबाइल पीओएस संचालक गैंदाटोला की शिकायत पर थाना गैंदाटोला में अपराध क्रमांक 14/2025 के तहत धारा 318(4), 61(2) बीएनएस एवं 66(सी) आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। प्रकरण में पांच आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मनीष कुमार शांडिल्य घटना के बाद से फरार था।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी गैंदाटोला राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को सोमनी से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में फर्जी सिम एक्टिवेशन एवं बिक्री के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों और फर्जी सिम के माध्यम से की गई धोखाधड़ी के संबंध में विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने नाम पर जारी मोबाइल सिम, बैंक खाते और बैंक खाते से लिंक मोबाइल नंबर की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। संदिग्ध बैंकिंग गतिविधि अथवा मोबाइल सिम के दुरुपयोग की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।


