शराब के नशे में विवाद: पिता ने की बेटे की हत्या, डंडे से मारकर उतारा मौत के घाट…

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि एक पिता ने अपने ही बेटे की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुसमूली का है। जानकारी के अनुसार, मृतक विजेंद्र श्रीवास शराब के नशे में अक्सर घर में विवाद करता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी वह शराब पीकर अपने पिता मोहित राम श्रीवास से झगड़ा कर रहा था। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।

डंडे से मारकर उतारा मौत के घाट

विवाद के दौरान गुस्से में आकर पिता मोहित राम श्रीवास ने बेटे पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। डंडे का वार सीधे सिर पर लगने से विजेंद्र श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तखतपुर पुलिस ने आरोपी पिता मोहित राम श्रीवास को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!