धान खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोप, दीपक बैज बोले- सरकार जारी करे श्वेत पत्र…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी, किसानों की समस्याओं और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश सरकार पर धान खरीदी में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान से संबंधित 56 प्रतिशत चावल अब तक जमा नहीं हो पाया है। बैज ने इसे छत्तीसगढ़ में चावल का बड़ा भ्रष्टाचार बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

दीपक बैज ने कहा कि करीब 50 मीट्रिक टन धान कस्टम मिलिंग के लिए दिया गया था, लेकिन राइस मिलरों से चावल वापस जमा नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि भारतीय खाद्य निगम (FCI) ने भी सरकार को पूरी राशि का भुगतान नहीं किया है। ऐसे में सरकार अपने ऋण का भुगतान कैसे करेगी? उन्होंने कहा कि आम जनता की गाढ़ी कमाई को सरकार बर्बाद कर रही है और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जनता के सामने आनी चाहिए।

नगरीय निकाय चुनाव से पहले सरकार पर साधा निशाना

17 नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव को लेकर भी दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में सरकार ने कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया है। SIR प्रक्रिया को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं और GEN Z के नए मतदाताओं के नाम भी नहीं जोड़े जा रहे हैं। सरकार अपनी एंटी-इनकंबेंसी छिपाने के लिए लोगों को मतदान से रोकना चाहती है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने सरगुजा में हार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जिम्मेदार बताया था, इस पर बैज ने कहा कि कांग्रेस मजबूती से काम कर रही है। भाजपा को पहले अपना घर देखना चाहिए।

मास्टर प्लान को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप

मास्टर प्लान में बदलाव की तैयारियों पर दीपक बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार को बने तीन साल हो चुके हैं। इतने समय में सरकार क्या कर रही थी? उन्होंने आरोप लगाया कि मास्टर प्लान के नाम पर सरकार केवल भ्रष्टाचार करने में लगी है।

आदिवासी समाज के विरोध प्रदर्शन पर सरकार को घेरा

सर्व आदिवासी समाज की बैठक और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के निर्णय पर बैज ने कहा कि आदिवासी समाज जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आवाज उठा रहा है। सरकार आदिवासियों के अधिकार छीनने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि UCC और आरक्षण जैसे मुद्दों पर आदिवासी समाज सरकार का विरोध कर रहा है। कई आदिवासी आज भी जेलों में बंद हैं। बैज ने दावा किया कि ओबीसी वर्ग भी राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है और कर्मचारी भी विरोध का बिगुल फूंक चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दो वर्षों में सरकार के सामने राजनीतिक चुनौतियां और बढ़ेंगी।

धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर भी उठाए सवाल

धर्म स्वातंत्र्य विधेयक लागू होने के बाद भी सामने आ रहे मामलों को लेकर दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने कानून लागू करते समय प्रदेश में शांति स्थापित करने का दावा किया था, लेकिन इसके बाद भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है और राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि इन घटनाओं की जिम्मेदारी कौन लेगा?

भाजपा को खेतों में जाकर स्थिति देखनी चाहिए

कांग्रेस द्वारा किसान हेल्प डेस्क शुरू किए जाने को लेकर हो रही सियासत पर बैज ने कहा कि भाजपा को वास्तव में किसानों और धान की चिंता है तो उसे खेतों में जाकर स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश से किसानों का धान भीग चुका है और खेतों में पानी भरा हुआ है, लेकिन सरकार केवल कागजों में सर्वे करा रही है। किसानों को अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और क्या धान की कीमत का सही भुगतान सुनिश्चित होगा? बैज ने कहा कि सरकार की जगह कांग्रेस किसानों की मदद के लिए आगे आ रही है।

देवेंद्र यादव को AICC सचिव पद से हटाने पर भाजपा को जवाब

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से हटाए जाने पर भाजपा की ओर से किए गए तंज पर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अजय चंद्राकर पर निशाना साधते हुए कहा कि शहीद कौन हुआ है, इसका उदाहरण अजय चंद्राकर से बड़ा कोई नहीं हो सकता। उनके साथ कई लोग और नेता भी शहीद हो चुके हैं। बैज ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव को पार्टी की ओर से AICC में जिम्मेदारी दी जाएगी और वे वहां काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!