अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का समर्थन किया, बोले- ‘ये आंदोलन देश के…’

Arvind Kejriwal Support Cockroach Janata Party Protest: आम आदमी पार्टी यानी आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का समर्थन किया है। दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह प्रदर्शन ये दिखाता है कि युवाओं में भारी गुस्सा और हताशा है। उन्होंने सीजेपी की मांगों का भी समर्थन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की भी मांग की।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- कॉकरोच आंदोलन इस देश के युवाओं के भारी गुस्से और निराशा का इजहार है। उन्हें देशद्रोही कहने के बजाय, मोदी सरकार को उनके मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। AAP उनकी मांगों का समर्थन करती है। प्रधानमंत्री को शिक्षा मंत्री को तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए।

वहीं शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने भी सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन किया। संजय राउत ने सोशल मीडिया पर लिखा- दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच’ का आंदोलन शुरू हो गया है। जिन्हें हम देश का भाग्य-निर्माता और भविष्य कहते हैं — हज़ारों युवा — अपने दर्द और भविष्य की चिंताओं को लेकर चिलचिलाती धूप में सड़कों पर उतर आए हैं। उन्हें ‘कॉकरोच’ कहकर छोटा समझना और उन्हें न्याय न देना सही नहीं है।

उन्होंने आगे लिखा- NEET पेपर लीक ने लाखों युवाओं को बर्बाद कर दिया है। ये सभी परेशान युवा लड़के और लड़कियां अब कॉकरोच बनकर अपनी आवाज़ उठा रहे हैं। सरकार को उनकी मांगें सुननी होंगी। कॉकरोच को कम मत समझो — जंतर-मंतर पर हो रहे आंदोलन की यही चेतावनी है!”

जंतर मंतर पर अभिजीत दीपके के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे लोग

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 6 जून को दिल्ली में संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जंतर मंतर पर जुटे, जिनमें अधिकतर युवा शामिल रहे। इनमें से कई लोग कॉकरोच (तिलचट्टे) के मुखौटे पहने नजर आए और वो हाथों में फूल लिए हुए थे। स्कूली छात्र भी अपने पैरेंट्स के साथ प्रोटेस्ट में शामिल होने पहुंचे थे। इसमें शामिल लोगों में ज्यादातर स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्रा और युवा प्रोफेशल रहे। प्रदर्शन में छात्रों ने नारे लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

इस प्रदर्शन के जरिए सीजेपी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), सीबीएसई बोर्ड, सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!