Axis Bank Savings Account Rules: 1 दिसंबर से बदलेंगे बैंक के ये 5 नियम, कैश ट्रांजैक्शन से लेकर मिनिमम बैलेंस तक पड़ेगा असर

Business Desk : अगर आपका सेविंग अकाउंट Axis Bank में है, तो 1 दिसंबर 2026 से आपको बैंकिंग से जुड़े कुछ नए नियमों का सामना करना पड़ेगा। बैंक ने सेविंग अकाउंट की कई सर्विस के चार्ज में बदलाव किया है। इसका असर कैश जमा करने और निकालने, मिनिमम बैलेंस रखने और चेक से लेनदेन करने पर पड़ेगा।

इसके अलावा कुछ प्रीमियम सेविंग अकाउंट पर मिलने वाले EDGE Rewards पॉइंट भी बंद किए जा रहे हैं। वहीं, कुछ खातों में Total Relationship Value (TRV) की शर्त भी बढ़ाई गई है। ऐसे में अगर आपका खाता एक्सिस बैंक में है, तो नए नियमों को समझना जरूरी है।

महीने में सिर्फ 3 बार फ्री कैश ट्रांजैक्शन

Axis Bank के EASY ACCESS और इससे जुड़े घरेलू व NRI सेविंग अकाउंट, KRISHI और SAHAJ खातों में कैश ट्रांजैक्शन के नियम बदलने जा रहे हैं। अभी इन खातों में महीने के पहले चार कैश ट्रांजैक्शन फ्री होते हैं। इसके अलावा कुल 1 लाख रुपए तक के कैश लेनदेन पर भी कोई चार्ज नहीं लगता।

1 दिसंबर से फ्री कैश ट्रांजैक्शन की संख्या चार से घटाकर तीन कर दी जाएगी। यानी ग्राहक तीन बार तक फ्री कैश ट्रांजैक्शन कर सकेंगे या 1 लाख रुपए तक का लेनदेन कर सकेंगे। इनमें से जो सीमा पहले पूरी होगी, उसके बाद बैंक के तय चार्ज देने होंगे।

मिनिमम बैलेंस नहीं रखने पर 600 रुपए तक चार्ज

बैंक ने औसत मासिक बैलेंस (AMB) नहीं रखने पर लगने वाले चार्ज की अधिकतम सीमा में बदलाव किया है। चार्ज की गणना खाते में कम रखे गए बैलेंस के 6% के हिसाब से होगी, लेकिन इसकी अधिकतम सीमा बढ़ाई जा रही है।

घरेलू EASY ACCESS और इससे जुड़े खातों में अभी मेट्रो और शहरी क्षेत्रों में अधिकतम 600 रुपए, अर्ध-शहरी क्षेत्रों में 300 रुपए और ग्रामीण क्षेत्रों में 150 रुपए चार्ज लगता है।

1 दिसंबर से अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी अधिकतम चार्ज 600 रुपए हो जाएगा।

NRI EASY ACCESS खातों में भी अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अधिकतम चार्ज 300 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए किया जा रहा है। मेट्रो और शहरी क्षेत्रों में यह पहले की तरह 600 रुपए रहेगा। हालांकि, यह बदलाव सैलरी अकाउंट पर लागू नहीं होगा।

इन खातों पर EDGE Rewards पॉइंट मिलने बंद

Axis Bank के कुछ खास सेविंग अकाउंट रखने वाले ग्राहकों को अब EDGE Rewards प्रोग्राम का फायदा नहीं मिलेगा।

1 दिसंबर से Burgundy, PRIORITY, PRESTIGE, PRIME NRI और EASY NRI खातों पर EDGE Rewards पॉइंट मिलना बंद हो जाएगा। यानी इन खातों के ग्राहक बैंकिंग ट्रांजैक्शन के जरिए पहले की तरह नए रिवॉर्ड पॉइंट नहीं कमा सकेंगे। जो ग्राहक इन पॉइंट का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें इस बदलाव पर ध्यान देना चाहिए।

प्रीमियम खातों में TRV की शर्त 75% से बढ़कर 100%

बैंक ने कुछ प्रीमियम सेविंग अकाउंट के लिए Total Relationship Value (TRV) की शर्त भी बढ़ाई है। TRV का मतलब है कि ग्राहक के बैंक के साथ कुल कितने रुपए जमा और निवेश के रूप में जुड़े हुए हैं।

अभी घरेलू और NRI PRIME, PRESTIGE, PRIORITY, SAMPANN, ADVANTAGE, ARISE Women’s और Burgundy खातों में तय TRV का 75% बनाए रखना जरूरी है।

1 दिसंबर से यह सीमा बढ़ाकर 100% कर दी जाएगी। यानी ग्राहकों को अपने खाते की श्रेणी के मुताबिक पूरी निर्धारित TRV बनाए रखनी होगी।

चेक बाउंस होने पर हर बार देने होंगे 200 रुपए

Axis Bank ने चेक से जुड़े चार्ज में भी बदलाव किया है। अभी घरेलू और NRI खातों की कई श्रेणियों में चेक वापस होने पर पहली बार 50 रुपए और इसके बाद हर बार 100 रुपए का चार्ज लगता है।

1 दिसंबर से चेक वापस होने पर हर बार 200 रुपए देने होंगे। यह बदलाव EASY ACCESS, ADVANTAGE, ARISE Women’s, SAMPANN, KRISHI, SAHAJ, TASC, PRIME, LIBERTY, PRESTIGE, PRIORITY और Burgundy समेत कई खातों पर लागू होगा।

NRI ग्राहकों के लिए डिलिवरेबल रिटर्न चार्ज 500 रुपए

NRI Burgundy, PRIORITY, PRESTIGE और PRIME खाताधारकों के लिए डिलिवरेबल रिटर्न चार्ज में भी बढ़ोतरी की गई है।

अभी इस सर्विस के लिए 50 रुपए देने पड़ते हैं, लेकिन 1 दिसंबर से हर बार 500 रुपए का चार्ज लगेगा। यानी इसमें सीधे 450 रुपए की बढ़ोतरी होगी।

ग्राहकों को अब क्या करना चाहिए?

Axis Bank के सेविंग अकाउंट ग्राहकों को 1 दिसंबर से पहले अपने खाते की कैटेगरी, मिनिमम बैलेंस और फ्री कैश ट्रांजैक्शन की सीमा चेक कर लेनी चाहिए।

खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों को मिनिमम बैलेंस की नई चार्ज सीमा पर ध्यान देना होगा। वहीं प्रीमियम और NRI खाताधारकों को EDGE Rewards और TRV से जुड़े बदलाव समझने चाहिए, ताकि उन्हें अतिरिक्त बैंकिंग चार्ज न देना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!