BJP विधायक हुए ठगी के शिकार : ठगों ने खुद को बड़े नेता का PA बताकर ऐंठे पैसे, मामला दर्ज

रायपुर. शातिर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को निशाना बनाया है. खुद को भाजपा के बड़े नेता का पीए बताकर ठगी को अंजाम दिया. डीजल भरवाने के लिए पैसे की मांग पर विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक से रकम ट्रांसफर कराए. पूरा मामला खम्हारडीह थाना इलाके का है.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने फोन कर खुद को भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का निज सहायक (पीए) बताया. बातचीत के दौरान उसने डीजल डलवाने के नाम पर तत्काल पैसों की जरूरत होने की बात कही. आरोपी ने झांसा देकर दो अलग-अलग बार में रकम ट्रांसफर करवाने की मांग की.

बताया जा रहा है कि विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए. बाद में जब मामले की सच्चाई सामने आई तो ठगी का खुलासा हुआ. सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर ठगी

विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस घटना को लेकर बताया कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर नितिन नवीन समेत कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उस पर आसानी से भरोसा हो गया. ठग ने फोन कर खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया और कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा हैं, रास्ते में ड्राइवर से विवाद हो गया है और परिवार मुसीबत में है, इसलिए तुरंत पैसों की जरूरत है. आरोपी ने पहली बार 4,500 रुपए मांगे, परेशानी में होने की बात सुनकर 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा दिए. जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा से ये पैसे ट्रांसफर कराए गए थे. डेढ़ घंटे के बाद दोबारा पैसे की मांग पर फ्रॉड का शक हुआ. पुरंदर मिश्रा ने कहा कि भुवनेश्वर यहां से काफी दूर है, ऐसे में इतनी जल्दी वहां पहुंचने की बात संदिग्ध लगी. इसके बाद उन्होंने नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी ली. वहां से पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में काम नहीं करता. इसके बाद मामले की गंभीरता समझते हुए पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई.

विधायक की आम जनता से अपील

विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर और पैसे मांगने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए. पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे बात कर जानकारी का सत्यापन करें और पूरी तरह पुष्टि होने के बाद ही किसी तरह का आर्थिक लेनदेन करें.

बता दें कि हाल ही में राजधानी के देवेंद्र नगर इलाके में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ मोबाइल लूट की घटना हुई थी. वह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, इसी दौरान आरोपी ने उनका आईफोन लूटकर फरार हो गया था. मामले में पुलिस ने आठ घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!