बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी अलग-अलग आदेशों के तहत उच्च न्यायिक सेवा के पांच अधिकारियों का तबादला किया गया है। इसके साथ ही सिविल जज सीनियर व जूनियर डिवीजन के कई न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। परीक्षा से चयनित 56 नए सिविल जज जूनियर डिवीजन को भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ किया गया है। सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में नए स्थान पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
तबादला आदेश में न्यायिक अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हरीश कुमार अवस्थी को फैमिली कोर्ट से स्थानांतरित कर रायपुर में प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। ममता पटेल को अंबिकापुर से बिलासपुर भेजते हुए द्वितीय जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह ज्योति अग्रवाल को पेंड्रा रोड से राजनांदगांव में तृतीय जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, जबकि नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से जगदलपुर में द्वितीय जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। भूपत सिंह साहू का राजनांदगांव से दंतेवाड़ा तबादला कर उन्हें जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) की जिम्मेदारी दी गई है।
सिविल जजों की भी नई पदस्थापना
न्यायिक सेवा के दूसरे स्तर पर भी व्यापक बदलाव किया गया है। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुंगेली भेजकर प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। भगवान दास पनिक का दुर्ग से प्रतापपुर तबादला किया गया है।
श्वेता पटेल को दुर्ग से छुईखदान भेजा गया है। ईशान व्यास छुईखदान से दुर्ग स्थानांतरित होकर द्वितीय सिविल जज सीनियर डिवीजन की जिम्मेदारी संभालेंगे। नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव में ही द्वितीय सिविल जज सीनियर डिवीजन के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं रवि कुमार कश्यप को दुर्ग से हाई कोर्ट की स्थापना में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।
56 नए सिविल जजों को जिलों में भेजा
न्यायिक सेवा परीक्षा के माध्यम से चयनित 56 सिविल जज जूनियर डिवीजन की नियुक्ति सूची भी जारी की गई है। इनमें अंजुम आरा को बालोद, शिवांगी तिवारी को रायपुर, आयुष चौरसिया और अगन कुमार डहाके को बिलासपुर तथा एकांश अग्रवाल को रायपुर में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा दीपंशी जैन और सौनक वर्मा को दुर्ग, तृप्ति अग्रवाल कोरबा तथा आशुतोष यार्दी को भी दुर्ग में पदस्थ किए जाने सहित अन्य चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारी दी गई है।
29 अगस्त तक लेना होगा कार्यभार
नवनियुक्त सिविल जज जूनियर डिवीजन के लिए 29 अगस्त 2026 तक कार्यभार ग्रहण करने की समय-सीमा तय की गई है। प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता और लंबित मामलों के निपटारे की व्यवस्था को मजबूत करना भी माना जा रहा है।

