रायगढ़। शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर नगर स्थित आईटीआई कालोनी में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में अचानक एयर कंडीशनर (एसी) फटने से भीषण हादसा हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर का एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े तीन बजे के। आसपास अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में बाहर निकल आए। धमाका इतना जोरदार था कि मकान के अंदर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर के अंदर रखे समान के साथ साथ दो मोटरसाइकिल भी पूरी तरह से आग से जल गई । आनन- फानन में पड़ोसियों की मदद से घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जाया गया जहां उपचार के दौरान पुरुषोत्तम पटेल की मौत हो गई जबकि एक घायल है। जिसका उपचार चल रहा है।इधर सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद स्थानीय रहवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर यह विस्फोट कुछ देर बाद होता, तो आसपास के अन्य घरों को भी बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एसी में तकनीकी खराबी या गैस प्रेशर बढ़ने के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से एसी की सर्विसिंग नहीं हुई थी, जिससे कंप्रेसर पर दबाव बढ़ सकता है। हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि करेगी।


