CG: सब्जी बाजार में लगी भीषण आग; आधा दर्जन दुकानें जलकर पूरी तरह खाक….

जशपुरनगर। पत्थलगांव के सब्जी बाजार में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आ जाने से आधा दर्जन दुकाने जल कर नष्ट हो गई। मशक्कत के बाद आग पर काबू पा जा सका। घटना मंगलवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, बीती रात सब्जी मंडी क्षेत्र में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
रात के समय अधिकांश दुकानें बंद होने के कारण आग का पता देर से चला, जिसके चलते कई दुकानें आग की चपेट में आ गईं। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो आग आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक भी फैल सकती थी। आग की इस घटना में जनहानि की जानकारी नहीं मिली है। आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी के भीतर बनी जिन आधा दर्जन दुकानों में आग लगी, उनमें रखा हुआ कीमती फर्नीचर, तराजू और भारी मात्रा में फल-सब्जियों का स्टॉक जलकर खाक हो गया। जिस जगह आग भड़की, उसके ठीक पीछे मुख्य मार्ग के बड़े कपड़े और किराना प्रतिष्ठान थे। दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग को आगे बढ़ने से रोक लिया गया। सब्जी बाजार की गलियां बेहद संकरी होने के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियों को भीतर प्रवेश करने और पाइपलाइन बिछाने में शुरुआती दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय व्यापारिक संघ ने नगर पंचायत से मांग की है कि सब्जी मंडी क्षेत्र में लटकते जर्जर बिजली के तारों को दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

error: Content is protected !!