CG Weather: अगले 3 दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

रायपुर। उत्तरी झारखंड और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बिहार व दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र अब छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में वर्षा का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में सरगुजा जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई, जबकि बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है। हालांकि 20 अगस्त से प्रदेश में भारी बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। कुसमी में 29 सेंटीमीटर, बलरामपुर में 14 सेंटीमीटर बारिशपिछले 24 घंटे में सरगुजा संभाग बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा।

कुसमी में 29 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बलरामपुर और चांदो में 14-14, डौराकोचली में 13, सामरी में 12, रघुनाथनगर और रामानुजगंज में 11-11 सेंटीमीटर बारिश हुई। शंकरगढ़ में 10, वाड्रफनगर और भटगांव में नौ-नौ तथा रामचंद्रपुर में नौ सेंटीमीटर पानी गिरा। अंबिकापुर में आठ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। रायपुर में सात, चलगली, कांसाबेल, कुनकुरी और प्रतापपुर में सात-सात सेंटीमीटर वर्षा हुई। प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में 27.3 डिग्री अधिकतम तापमान, आज 29 डिग्री के आसपास

वर्षा और बादलों के कारण रायपुर में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 27.3 और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम रहा। सुबह साढ़े आठ बजे 3.5 और शाम साढ़े पांच बजे 1.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हवा की औसत गति एक किलोमीटर प्रति घंटा रही। 20 अगस्त को शहर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।

तीन दिन सतर्क रहें, 20 अगस्त से घटेगी तीव्रता

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी झारखंड और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बिहार के ऊपर बने अवदाब के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है। विशेष रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 20 अगस्त से प्रदेश में भारी बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। इसके बावजूद अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रह सकती है।

error: Content is protected !!