कोयले की हेराफेरी का खुलासा : बीच रास्ते में की जाती थी कोयले की अदला-बदली, तीन ड्राइवर समेत 6 गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोयले की हेराफेरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन के संचालकों ने कोयले की जांच के दौरान इस हेराफेरी को पकड़ा, जिसके बाद मामला पुलिस को सौंपा गया। इस मामले में सकरी पुलिस ने आरोपी गिरोह में शामिल कोलडिपो संचालक, सुपरवाइजर, ट्रक मालिक व ड्राइवर सहित 6 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। वहीं तीन ड्राइवरों सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दरअसल, लोखंडी भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन के कारखाना प्रबंधक आरके पाण्डेय ने रिपोर्ट लिखाई है कि 9 जून को दीपका कोल माइंस से एफ/ जी ग्रेड का कोयला भाटिया एनर्जी एण्ड बेनिफिकेशन के लिए मंगवाया गया था। 10 जून को सुबह 6 से 7 बजे के बीच ट्रक क्रमांक सीजी 10 बीक्यू, 8285, चालक उज्जैन अंसारी, ट्रक क्रमांक सजी 12 बीएल, 6247 चालक आशिक हुसैन, ट्रक क्रमांक सीजी 12 बीएल, 6251 चालक फजल अंसारी कोयला लेकर आए, जिसे लैब से चेक करने पर एफ/ जी ग्रेड का कोयला नहीं होना पाया गया।

कंपनी को 25 लाख से अधिक का हुआ नुकसान

पूछताछ में ड्राइवरों ने दीपका से आते समय रतनपुर गतौरी स्थित बालाजी कोल ट्रेडिंग एण्ड कंस्ट्रक्शन के संचालक दिलीप कुमार एवं सुपरवाइजर से मिलीभगत कर एफ/ जी ग्रेड के कोयले को चोरी कर बेचना और उसकी जगह मिलावटी कोयला भर देना बताया। इससे कंपनी को 25 लाख से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने भाटिया एनर्जी के आरके पाण्डेय की रिपोर्ट पर कोलडिपो संचालक दिलीप कुमार, सुपरवाइजर गौरव सिंह, अमित कुमार, ट्रक संचालक रजाक अंसारी, चालक उज्जैन अंसारी, आशिक हुसैन, फजल अंसारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316, 3, 317, 4, 3, 5 के तहत जुर्म दर्ज किया है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी, अन्य की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने आशिक हुसैन अंसारी निवासी ग्राम सेमराहत पो. हरिगांवा थाना मझियांव जिला गढवा झारखंड, फैजान रजा अंसारी साकिन ग्राम सेमराहत थाना मझियांव जिाल गढवा झारखंड, फुजैल अंसारी साकिन ग्राम मडवनिया थाना रमगांव जिला गढवा झारखंड, गौरव राजपुत निवासी थाना पारा रतनपुर थाना रतनपुर जिला बिलासपुर, सीबु खान साकिन खंडोबा मंदिर के पास थाना रतनपुर जिला बिलासपुर और दिलीप कुमार यादव निवासी सेक्टर 06 भिलाई रिवन्यू ई ब्लाक 9 मकान नंबर ओ थाना भिलाई नगर कोतवाली जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है। वहीं कोलडिपो संचालक, ट्रक मालिक सहित अन्य पुलिस पकड़ से बाहर है, जिनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!