कांग्रेस नेता को मारने 10 लाख की ली सुपारी, 2 गिरफ्तार…

बिलासपुर. बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले की पुलिस जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है. कांग्रेस नेता की हत्या के लिए ‘सुपारी’ देकर बड़ी साजिश रची गई थी. वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों को 5-5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था. श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उन पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में उनके सिर, हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं.

दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी समेत दो अब भी फरार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है. हालांकि, इस पूरी साजिश का मुख्य आरोपी दीपक तिवारी और एक अन्य आरोपी साहिल सोनकर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.

जल्द होगी गिरफ्तारी

फिलहाल फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक तिवारी और साहिल सोनकर की पतासाजी में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. तारबाहर पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार चल रहे दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!