स्टील प्लांट के काले पानी से बर्बाद हो रही फसल! 5 साल से परेशान किसान मुआवजा मांगने पहुंचे NMDC

जगदलपुर। बस्तर में किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। नगरनार स्टील प्लांट से निकलने वाले कथित केमिकल युक्त काले पानी के कारण नगरनार और कस्तूरी क्षेत्र के किसान पिछले चार-पांच वर्षों से परेशान हैं। किसानों का आरोप है कि यह पानी खेतों में पहुंचकर उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। इस बार बाढ़ की मार झेलने के बाद बची हुई फसल भी बर्बाद हो गई है।

किसानों के मुताबिक, अकेले कस्तूरी क्षेत्र में करीब 500 से 700 एकड़ और नगरनार सहित आसपास के इलाकों में कुल 2 हजार से 2,500 एकड़ तक की फसल को नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि कई बार NMDC प्रबंधन और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। पहले फसल नुकसान की भरपाई के लिए कुछ राशि दी जाती थी, लेकिन अब वह भी बंद हो गई है।

इसी समस्या को लेकर किसान एनएमडीसी प्रबंधन के पास पहुंचे और तीन प्रमुख मांगें रखीं। खेतों की ओर बहने वाले काले पानी को तत्काल रोका जाए, प्रभावित फसलों का उचित मुआवजा दिया जाए और पानी के बहाव से क्षतिग्रस्त हुए खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत कराई जाए।

किसानों का कहना है कि लगातार नुकसान के कारण अब खेती और परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो रहा है। किसान लक्ष्मण सेठिया के मुताबिक, प्रबंधन ने उनकी मांगों को आगे बढ़ाते हुए आठ दिनों के भीतर जवाब देने का आश्वासन दिया है। किसानों ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा एनएमडीसी गेट के सामने आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!