रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के 50 लाख रुपये लेकर उसका ही ड्राइवर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खम्हारडीह निवासी कंस्ट्रक्शन कारोबारी उमेश अग्रवाल ने 24 अप्रैल को अपने अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन को 50 लाख रुपये बैंक में जमा करने के लिए दिए थे। अकाउंटेंट कार (CG 04 QG 663) में ड्राइवर कृष्णा साहू के साथ रकम लेकर बैंक पहुंचे, लेकिन बैंक बंद होने के कारण दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गीतांजलि नगर के पास ड्राइवर ने चालाकी से अकाउंटेंट को गुटखा लाने के बहाने गाड़ी से नीचे उतार दिया। जैसे ही अकाउंटेंट नीचे उतरा, ड्राइवर कृष्णा साहू मौके का फायदा उठाकर 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। इस दौरान सब इतनी तेजी से हुआ कि अकाउंटेंट कुछ समझ ही नहीं पाया। घटना के बाद उसने तुरंत कारोबारी को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि कृष्णा साहू पिछले एक साल से कारोबारी के यहां ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। इस दौरान उसने मालिक का भरोसा जीत लिया था, लेकिन उसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अपने भाठागांव स्थित घर भी नहीं पहुंचा। आरोपी ड्राइवर मूल रूप से धमतरी का रहने वाला है। पुलिस ने वहां भी दबिश दी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर कर्ज का बोझ होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इधर, पुलिस ने कारोबारी उमेश अग्रवाल से भी पैसों के लेन-देन और हिसाब-किताब को लेकर पूछताछ की है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


