
ट्रेवल डेस्टिनेशन। रोजाना की भागदौड़ भरी जिंदगी में सुकून कहीं खो सा जाता है, इसे ढूंढने के लिए अक्सर लोग घूमने निकल पड़ते हैं। इनमें भी ऐसे लोगों की तादाद ज्यादा होने लगी है जो सबसे पहले पहाड़ों का रुख करते हैं और एडवेंचर के लिए ट्रेकिंग को चुनते हैं। मॉनसून सीजन ने दस्तक दे दी है और अगर आप इस सीजन में कहीं घूमने की सोच रहे हैं तो हम यहां कुछ सबसे बेहतरीन और खूबसूरत ट्रेक के बारे में बताने जा रहे हैं।
मॉनसून सीजन में घूम के लिए 5 बेस्ट ट्रेक
बारिश का मौसम खास इसलिए होता है क्योंकि इस समय प्रकृति अलग ही निखरकर दिखती है। फिर ये खूबसूरत नजारे आखिर कौन छोड़ सकता है? आइए जानते हैं इस मौसम में घूमने के लिए 5 सबसे बहतरीन ट्रेक:
फ्लावर वैली ट्रेक
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित फ्लावर वैली ट्रेक भारत के सबसे मशहूर ट्रेक में से एक है। इसका नाम उन्होंने भी सुना होगा जो ट्रेक नहीं करते। इस फ्लावर वैली में फूलों की खूबसूरती देखने लायक है। यहां करीब 500 फूलों की प्रजाति देखने को मिलती हैं जिनमें से कुछ तो ऐसे फूल हैं जिनके बारे में कभी सुना ही नहीं होगा। बता दें कि फूलों की यह सुंदर घाटी UNESCO की विश्व धरोहर सूची में भी शामिल है। यह ट्रेक 19 किलोमीटर लंबा है।
हंपता पास
हंपता पास हिमाचल के सबसे फेमस ट्रेक में शामिल है, यह ट्रेक हिमाचल के पीर पंजाल रेंज का हिस्सा है। ऊंचाई की बात करें तो हंपता पास समुद्र तल 14000 फुट की ऊंचाई पर मौजूद है। इस ट्रेक की शुरुआत कुल्लू से होती है, जहां के रास्ते में ऊंचे पहाड़, चंद्रताल लेक और बहते झरने मन को मोह लेंगे। यह ट्रेक करीब 25 किलोमीटर लंबा है।
कश्मीर ग्रेट लेक ट्रेक
कश्मीर को जन्नत यों ही नहीं कहा जाता, कभी कश्मीर ग्रेट लेक ट्रेक का रुख करें। कुदरत के नजारों का अच्छे से लुत्फ उठाना हो तो कश्मीर की वादियों में स्थित इस ट्रेक के बारे में सोचें। सबसे खास बात ट्रेकिंग करते समय एक या दो नहीं बल्कि पांच झील देखने को मिलेंगी। यह ट्रेक 75 किलोमीटर लंबा है।
भृगु लेक ट्रेक
भृगु लेक का संबंध पौराणिक कथाओं से है क्योंकि ऐसी मान्यता है कि इसी स्थान पर महर्षि भृगु ने बैठकर डीप मेडिटेशन की थी। यह जगह हिमाचल के मनाली के पास स्थित है। इसकी ऊंचाई समुद्र तल से 14000 फीट की है। भृगु लेक में घास के मैदान, खूबसूरत फूलों की प्रजाति और खुद भृगु झील आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र है। यह ट्रेक 26 किलोमीटर लंबा है।
कनामो पीक
हिमाचल की स्पीति घाटी में स्थित कनामो पीक भी बारिश के मौसम में एडवेंचर करने लायक ट्रेक है। यह पीक समुद्र तल से 19,553 फीट ऊंची है। इस ट्रेक की खासियत यह है कि कनामो भले ही इतनी ऊंचाई पर है पर यह दुनिया की सबसे ऊंची पर आसान ट्रेक वाली जगहों में शामिल है। यह ट्रेक 30 किलोमीटर लंबा है।

