शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, वोट लूट के खिलाफ चीफ जस्टिस को पत्र.. INDIA ब्लॉक की बैठक में हुए ये फैसले

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक आज दिल्ली में आयोजित की गई. जिसमें हालिया विधानसभा चुनाव के बाद की रणनीति समेत कई मुद्दों पर मंथन किया गया. वहीं, विधानसभा चुनावों में पार्टियों के बीच मतभेद का असर भी इस पर दिखा है. दिल्ली में INDIA ब्लॉक की यह 7वीं बैठक रही. विपक्षी दलों की इस अहम बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हर 2 महीने में गठबंधन की बैठक बुलाई जाएगी. हमारी अगली बैठक हैदराबाद में बुलाई जाएगी. आज की अहम बैठक में 5 मुद्दों पर सहमति बनी है. इसके तहत SIR के मसले पर हम मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखेंगे. साथ ही हमारी मांग है कि शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.

इन मुद्दों पर बनी सहमति

खरगे ने आज सोमवार को कहा कि बैठक में 5 मुद्दों पर आपसी सहमति बनी है. पहला, वोट लूट के खिलाफ चीफ जस्टिस को पत्र लिखा जाएगा. दूसरा, NEET-UG पेपर लीक के मामले में शिक्षा मंत्री (धर्मेंद्र प्रधान) को तुरंत इस्तीफा लिया जाना चाहिए. तीसरा, आर्थिक हालत पर सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए. चौथा, हर 2 महीने में हमारी बैठक होगी, इसकी अगली बैठक हैदराबाद में 8 अगस्त को होगी. पांचवां, संसद में सभी पार्टियों का कॉर्डिनेशन जारी रहेगा.

बैठक में शामिल हुईं 25 पार्टियां

बैठक के बाद खरगे ने कहा, “इंडिया गठबंधन की बैठक में 25 पार्टियां शामिल हुईं. उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन भी वर्चुअली मीटिंग में शामिल हुए और अपने विचार शेयर किए. वे भी इन सभी मुद्दों पर सहमत हैं.” इसके बाद, हम पांच पॉइंट्स पर आम सहमति पर पहुंचे. हम आज सहमत हुए हैं; हम इन मुद्दों के लिए लड़ेंगे, उन पर काम करेंगे, और आगे बढ़ेंगे.”

खरगे ने कहा, “SIR, वोट लूट और चुनाव में चोरी पर मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र भेजने पर सहमति बनी. यह पत्र बहुत जल्द मुख्य न्यायाधीश को दिया जाएगा. दूसरा पॉइंट, शिक्षा मंत्री के तुरंत इस्तीफे की मांग करने पर एकमत से सहमति बनी, क्योंकि उन्होंने NEET और CBSE एग्जाम देने वाले लाखों युवाओं के साथ धोखा किया.” बता दें कि, चर्चा थीं कि तमिलनाडु में विजय की सरकार में शामिल होने के बाद TVK भी इस बैठक में शामिल होगी लेकिन पार्टी ने इस बैठक से फिलहाल दूरी बना ली है. दरअसल, उन्हें इंडिया ब्लॉक की तरफ से कोई निमंत्रण नहीं दिया गया था. इस बैठक में केवल उन्हीं पार्टियों को बुलाया गया था जिनके सांसद संसद में मौजूद हैं. TVK के पास फिलहाल कोई संसद अभी मौजूद नहीं है.

SIR पर एकजुट हुईं पार्टियां

खरगे ने कहा कि SIR के कारण हमारे करोड़ों लोगों से उनका मताधिकार छीना जा रहा है. संविधान पर हमला लगातार जारी है. जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने और डराने-धमकाने के औजार के रूप में लगातार किया जा रहा है. गैर-BJP सरकारों के साथ भेदभाव किया जा रहा है. जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आर्थिक माहौल बेहद नकारात्मक है. नई नौकरियां पैदा करने के लिए जिस रफ्तार से नए निवेश आने चाहिए, वे बिल्कुल उस रफ्तार से नहीं आ रहे हैं.

उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में निजी एकाधिकार बढ़ रहा है और MSMEs का भविष्य गंभीर संकट में है. परीक्षा प्रणाली के पूर्ण कुप्रबंधन के कारण हमारे लाखों युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं के साथ विश्वासघात किया जा रहा है. समाज के कमजोर वर्गों पर अत्याचार, खासकर BJP शासित राज्यों में, लगातार जारी हैं. हमारी विदेश नीति के साथ पूरी तरह से समझौता किया गया है और उन पारंपरिक मूल्यों को कायम नहीं रखा गया है, जिनकी भारत लंबे समय से पुरजोर समर्थन करता रहा है.

बैठक में शामिल हुईं ये पार्टियां

बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिवसेना (UBT), नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) लिबरेशन, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, विदुथलाई चिरुथैगल काची, मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस (M), राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, भारत आदिवासी पार्टी, लोक दल, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक और शेतकारी कामगार पक्ष शामिल हुए.

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन की पहली बैठक थी. इस बैठक में चुनाव में हार के बाद पहली बार ममता बनर्जी ने शिरकत की थी. वहीं तमिलनाडु में हार के बाद डीएमके ने इंडिया गठबंधन से नाता तोड़ लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!