शादी का झांसा, फिर निजी वीडियो से ब्लैकमेल, दो लाख लेने के बाद भी नहीं छोड़ा पीछा

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा महिला थाने में गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी का झूठा भरोसा देकर महिला का दैहिक शोषण किया गया और बाद में उसकी निजी वीडियो को ब्लैकमेलिंग का हथियार बना लिया गया।

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में पीड़िता की पहचान श्रवण यादव नामक युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे की आड़ में उसकी मर्जी के बिना शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने घटना का विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं।

जारी रही प्रताड़ना

समय बीतने के बाद जब पीड़िता ने अपनी मर्जी से किसी अन्य व्यक्ति के साथ विवाह कर लिया, तब भी आरोपी श्रवण यादव ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वह लगातार मोबाइल के जरिए संपर्क कर उसे प्रताड़ित करने लगा और संबंध बनाने का दबाव डालने लगा।

दो लाख रुपये ऐंठे

हद तो तब हो गई जब 28 जून 2026 को आरोपी ने पीड़िता का एक निजी वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की बड़ी रकम ऐंठ ली। पैसे मिलने के बावजूद आरोपी का लालच खत्म नहीं हुआ और वह लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा।

हिम्मत जुटाकर शिकायत की

आखिरकार, पीड़िता की हिम्मत जुटाकर की गई शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से वीडियो वाला मोबाइल जब्त कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!