बंदर भगाने के लिए किसान बना ‘भालू’, अजीब तरीका देखकर लोग भी रह गए हैरान

डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में किसानों ने बंदरों के आतंक से निपटने के लिए एक अनोखा और चौंकाने वाला तरीका अपनाया है। लगातार हो रहे नुकसान से परेशान किसान अब खुद ‘भालू’ बनकर खेतों की रखवाली कर रहे हैं। किसान भालू की वेशभूषा पहनकर दिनभर खेतों में घूमते हैं और उछल-कूद करते हुए बंदरों को भगाते हैं। इस अनोखी रणनीति का असर भी दिख रहा है। बंदर डरकर भाग जाते हैं और फसलों को नुकसान से बचाया जा रहा है। यही वजह है कि यह तरीका पूरे इलाके में चर्चा और हैरानी का विषय बन गया है।

लगभग 150 हेक्टेयर में स्ट्रॉबेरी की भी खेती की जाती है

दरअसल, संभल जिले में करीब 45 हजार हेक्टेयर में आलू की खेती होती है, जिसके चलते यह क्षेत्र आलू उत्पादन के लिए दूर-दूर तक जाना जाता है। इसके अलावा यहां लगभग 150 हेक्टेयर में स्ट्रॉबेरी की भी खेती की जाती है।

आलू और स्ट्रॉबेरी के दुश्मन बने बंदर

किसानों का कहना है कि बंदर आलू और स्ट्रॉबेरी दोनों फसलों को भारी नुकसान पहुंचाते हैं। वे न सिर्फ फसल खा जाते हैं, बल्कि उसे बर्बाद भी कर देते हैं, जिससे किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है।

भालू बनकर फसल की कर रहे हैं रखवाली

इस समस्या से निपटने के लिए संभल तहसील के फिरोजपुर गांव के किसान धर्मवीर ने चंदौसी से करीब 1800 रुपये में भालू की वेशभूषा खरीदी। अब वे उसी वेश में खेतों में जाकर बंदरों को डराकर भगाते हैं। इसी तरह अन्य किसान, जैसे पान सिंह, भी इस उपाय को अपना रहे हैं।

error: Content is protected !!