खैरागढ़। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में खाद संकट गहराने लगा है। यूरिया और डीएपी खाद की कमी से परेशान किसानों का आक्रोश ग्राम पैलीमेटा में देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
किसानों का कहना है कि बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण केंद्रों में लगातार कमी बनी हुई है, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और समय पर कृषि कार्य पूरा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक यशोदा ने कहा – किसानों को समय पर मिले आवश्यक संसाधन
किसानों का यह प्रदर्शन जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला महामंत्री लाल रोहित सिंह पुलस्त्य और जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खाद की समस्या का समाधान करने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। आंदोलन को समर्थन देने खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा एवं पूर्व विधायक छन्नी साहू भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन से तत्काल खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन समय पर मिलना चाहिए, ताकि उनकी फसल और उत्पादन प्रभावित न हो।
व्यवस्था नहीं सुधरने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खाद की आपूर्ति सामान्य नहीं की गई और वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित होगी, जिसका असर सीधे उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। पैलीमेटा में हुआ यह प्रदर्शन क्षेत्र में खाद संकट को लेकर बढ़ती किसानों की चिंता और प्रशासन से उनकी नाराजगी का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।


