किसानों का आंदोलन, ट्रैक्टर मार्च रोकने पर NH-353 पर बैठे किसान; वाहनों की लगी लंबी लाइन

महासमुंद। कावेरी सीड्स कंपनी के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों ने शुक्रवार को बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग के पास नेशनल हाईवे-353 पर चक्काजाम कर दिया। भारतीय किसान यूनियन की अगुवाई में चल रहे प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

करीब चार घंटे तक किसान सड़क पर धरना देकर बैठे रहे, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने वाहनों की आवाजाही के लिए रूट डायवर्ट किया।

ट्रैक्टर मार्च रोकने पर भड़के किसान

जानकारी के अनुसार, किसान कावेरी सीड्स कंपनी के प्रांत कार्यालय भाठागांव, रायपुर में प्रदर्शन करने के लिए ट्रैक्टर मार्च निकालकर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उनके मार्च को रोक दिया। इससे नाराज किसान बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग के पास नेशनल हाईवे पर बैठ गए और सड़क जाम कर दिया। किसानों के सड़क पर बैठने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

धरना स्थल पर ही बनाया खाना

आंदोलन के दौरान किसानों ने धरना स्थल पर ही भोजन तैयार करने की व्यवस्था की। इससे संकेत मिला कि किसान अपनी मांगों को लेकर लंबे समय तक आंदोलन जारी रखने की तैयारी में हैं। भारतीय किसान यूनियन की अगुवाई में हो रहे इस प्रदर्शन के चलते मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों को दूसरे मार्गों से निकालने की व्यवस्था की।

कावेरी सीड्स कंपनी के खिलाफ किसानों के इस आंदोलन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। किसानों की मांगों और आंदोलन के आगे की स्थिति को लेकर लोगों की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!