गांव में बछड़े का शिकार करते सीसीटीवी में कैद हुआ खूंखार तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

धमतरी। नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत मेचका में एक बार फिर तेंदुए की धमक से ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है। मेचका के आश्रमपारा में सरपंच के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए द्वारा एक बछड़े का शिकार करने का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो फुटेज सामने आया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से पूरे इलाके में डर का माहौल है।

पहले पिंजरा लगाकर एक को पकड़ा था

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले भी एक खूंखार तेंदुए ने मेचका और आसपास के क्षेत्रों में भारी आतंक मचा रखा था। वह शाम ढलते ही बस्तियों में घुसकर मवेशियों को अपना शिकार बनाता था। तब वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ा और सुदूर घने जंगल में छोड़ा था, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। अब नए तेंदुए की आमद ने वन विभाग की चिंताओं को दोबारा बढ़ा दिया है।

पास में ही है कन्या आश्रम

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि जिस जगह पर बछड़े का शिकार हुआ, उसके बेहद करीब ही एक शासकीय कन्या आश्रम संचालित है। यहाँ पहली से पांचवीं कक्षा तक की नन्हीं छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के साथ ही स्कूल के ठीक पास तेंदुए की इस सक्रियता ने पालकों और शिक्षकों को डरा दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल पिंजरा लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर बच्चों की सुरक्षा पुख्ता करने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!