CCTV से लेकर पार्किंग तक, होटल-ढाबा संचालकों को पुलिस ने दिए कड़े निर्देश

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। होटल, ढाबा एवं चखना सेंटरों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना लालबाग पुलिस ने संचालकों की बैठक आयोजित की। आयोजित बैठक में संचालकों को सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि होटल, ढाबा एवं चखना सेंटरों में अवैध शराब बिक्री या सेवन, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा, मारपीट अथवा अन्य असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाए। ऐसी गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संचालकों को प्रतिष्ठान के प्रवेश-निकास सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर CCTV कैमरे चालू रखने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यरत कर्मचारियों का नियमानुसार पुलिस सत्यापन कराने तथा उनका आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की हिदायत दी गई। पुलिस ने सड़क और हाईवे पर अव्यवस्थित पार्किंग कर यातायात बाधित नहीं करने तथा प्रतिष्ठान के सामने टेबल-कुर्सी या अन्य सामान रखकर सड़क प्रभावित नहीं करने को कहा। किसी विवाद, संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई। इसके अलावा अग्निशमन यंत्र, गैस सिलेंडर एवं विद्युत उपकरणों की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने संचालकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!