अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कोणार्क रेसिडेंस कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। नेशनल हाईवे विभाग में पदस्थ सब इंजीनियर रितेश सिंह के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, रितेश सिंह परिवार सहित काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी गए थे। इसी दौरान शनिवार और रविवार की दरमियानी रात चोरों ने उनके मकान के मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने घर के सभी कमरों की तलाशी ली और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपी घर में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस को कोई फुटेज न मिल सके।

घटना की जानकारी मिलने पर रितेश सिंह ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

