बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र की जूनापारा पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ट्रक की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़े
जूनापारा चौकी प्रभारी भुनेश साहू के अनुसार, तीनों युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। ग्राम जूनापारा के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सड़क पर शव और बाइक पड़े रहने से यातायात प्रभावित
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सड़क पर शव और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल पड़े होने के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर जूनापारा चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर सड़क पर आवागमन सामान्य कराया।
मृतकों की पहचान नहीं हो सकी
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। मृतकों के हुलिए और मोटरसाइकिल के आधार पर भी उनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज से ट्रक चालक की तलाश
हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक का पता लगाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इसके अलावा रास्ते में आने वाले ढाबों और अन्य स्थानों से भी ट्रक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

