राष्ट्रपति को भेजा केतन के पिता ने भावुक E-Mail, फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग की

महाराष्ट्र में पुणे के लोहगढ़ किले में केतन अग्रवाल की बेरहमी से दर्दनाक हत्या के एक महीने लगभग पूरे होने को है. पुणे शहर के इस बहुचर्चित हत्याकांड में एक नया मोड़ आ गया है. एक बाप की फ़रियाद अब न्याय की गुहार के रूप में देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच गई है. पीड़ित पिता ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा भावुक पत्र. बेटे और पिता दोनों को खोने का दर्द बयां कर फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग की है.

केतन अग्रवाल हत्याकांड में राष्ट्रपति से लगी न्याय की गुहार. केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक बेहद दर्दभरा और भावुक ई-मेल भेजा है.

केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल न्याय की गुहार लेकर राष्ट्रपति के पास पहुंचे हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक ईमेल लिखकर गुज़ारिश की है कि उनके बेटे को भी महज एक फाइल बनाकर ना छोड़ दिया जाए और दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द से जल्द सजा मिले.

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने लिखा, “महामहिम, मैं यह पत्र किसी व्यवसायी या किसी प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में नहीं लिख रहा हूं. मैं सिर्फ एक बिखर चुका बाप हूं, जो अपने दिवंगत बेटे के लिए आपसे जल्द से जल्द इंसाफ की मांग कर रहा है.”

पिता ने आगे लिखा कि 18 जून को मेरे बेटे केतन को 400 फीट गहरी खाई में धकेल दिया गया. इस वियोग में मेरे पिता की भी मौत केतन की मौत के महज 20 दिनों के भीतर हो गयी. उनके पिता अपने पोते केतन से बेपनाह मोहब्बत करते थे. कैसे कातिलों ने उनके हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया है.

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भारत के राष्ट्रपति को पत्र के माध्यम से मांग की कि मैं कोई भी विशेष सुविधा, रियायत या वीआईपी (VIP) व्यवहार की मांग नहीं कर रहा हूं. उनकी एकमात्र मांग यह है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रांसफर की जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!