बड़ा हादसा: 600 फीट गहरी खाई में गिरी सेना की गाड़ी, 2 जवानों की मौत….

लद्दाख के नामिका ला पास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के दो जवानों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे-1 पर सेना का एक भारी सैन्य वाहन अनियंत्रित होकर करीब 600 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चला रहे ड्राइवर और को-ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने फिलहाल दोनों जवानों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। उनके परिजनों को सूचना देने के बाद नाम जारी किए जाएंगे।

मोड़ पर बिगड़ा वाहन का संतुलन, खाई में गिरा ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सेना के वाहनों का एक काफिला संकरी पहाड़ी सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान जरूरी सैन्य सामान ले जा रहा एक भारी ट्रक तीखे मोड़ पर अपना संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

सेना, ITBP और NDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद वाखा में तैनात स्थानीय पुलिस, कारगिल स्थित जिला प्रशासन, सेना की यूनिट्स, ITBP, NDRF और स्थानीय स्वयंसेवकों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया।

हालांकि, घटनास्थल तक पहुंचना बचाव दलों के लिए बड़ी चुनौती साबित हुआ। दुर्गम पहाड़ी रास्ते, चट्टानें, ढीले पत्थर और हिमस्खलन के खतरे के बीच काफी मशक्कत के बाद दोनों जवानों के शव बरामद किए गए। शवों को चिकटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां निर्धारित मेडिकल और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

हादसे की जांच शुरू, तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की पड़ताल

घटना के बाद वाखा पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सेना के अधिकारियों के मुताबिक, जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। इसमें वाहन में तकनीकी खराबी, मानवीय चूक और खराब भौगोलिक परिस्थितियों समेत सभी संभावित कारणों की पड़ताल होगी।

पुंछ में भी खाई में गिरा था वाहन, 6 लोगों की मौत

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट स्थित शेलधर इलाके में भी एक वाहन खाई में गिर गया था। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!