DMK Support Modi Government For Delimitation Bill: मोदी सरकार ने संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को होगी। है। दोनों सदनों की बैठकों में सरकार परिसीमन-महिला आरक्षण बिल (Delimitation-Women Reservation Bill) ला सकती है। वहीं परिसीमन बिल पर इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लग सकता है। एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का समर्थन कर सकती है। ये दावा खुद कांग्रेस ने किया है।
कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने दावा किया है कि DMK के कुछ सांसद शर्तों के साथ परिसीमन बिल पर सरकार का समर्थन कर सकते हैं। जबकि DMK ने कहा है कि नए बिल को देखने के बाद ही अपना रुख तय करेगी।
मनोज कुमार के मुताबिक, जब उन्होंने परिसीमन बिल पर पार्टी का रुख पूछा तो सांसदों ने कहा कि कुछ शर्तों के साथ वे सरकार का समर्थन कर सकते हैं। उन्होंने इसे अपने लिए हैरान करने वाला बताया, क्योंकि उन्हें लगता था कि DMK कभी इस बिल का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक इंतजार करना होगा और पार्टी का अंतिम फैसला उसके शीर्ष नेतृत्व की ओर से लिया जाएगा।
नए बिल को देखने के बाद लेंगे फैसला
वहीं, DMK प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि पार्टी ने पहले वाले परिसीमन बिल का विरोध किया था, लेकिन नए बिल को देखने के बाद ही फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि पहले यह देखना होगा कि सरकार ने नए बिल में क्या बदलाव किए हैं और क्या इससे राज्यों के हित प्रभावित होंगे। अगर नए बिल में राज्यों की चिंताओं और उनके सुझावों को जगह दी गई होगी, तो पार्टी उस पर विचार कर सकती है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
बता दें कि संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक समीकरण चर्चा में है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाने को कहा है। जरूरी सरकारी कामकाज के बाद सत्र 3 दिसंबर तक खत्म हो सकता है। हालांकि, विशेष सत्र का एजेंडा अभी घोषित नहीं किया गया है। इस बीच अटकलें हैं कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर अपना विधायी प्रयास फिर शुरू कर सकती है।
अगर परिसीमन बिल पर वोटिंग होती है, तो इसे पारित कराने के लिए सदन में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। लोकसभा की कुल 543 सीटों में से वर्तमान संख्या 540 है। ऐसे में दो-तिहाई बहुमत यानी 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। एनडीए के पास 320 सांसद हैं. इसमें बीजेपी (241, साल 2026 में नगांव लोकसभा सीट जीतने के बाद), एनसीपीआई (20), टीडीपी (16), शिवसेना (13), जेडीयू (12), एलजेपी-रामविलास (5), आरएलडी (2), जनसेना पार्टी (2) और जेडीएस (2) शामिल हैं।
इनके अलावा एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, असम गण परिषद (एजीपी), झारखंड की आजसू, अपना दल (सोनेलाल), मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) के एक-एक मिला कर कुल सात सांसद हैं. इन सबको मिलाकर NDA का आंकड़ा 320 तक पहुंचता है।

