जादू-टोने के शक में युवक की हत्या:लोहे के बंडे और लकड़ी के पीढ़े से पीटकर मार डाला, 2 गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। न कोई सुनवाई, न कोई सबूत और न ही सच जानने की कोशिश। जादू-टोना करने का संदेह ही दो ग्रामीणों के लिए किसी व्यक्ति को सजा देने का आधार बन गया। लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से हमला कर उन्होंने 42 वर्षीय आयतु राम कर्मा की जान ले ली।

दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली में 21 नवंबर की रात हुई इस वारदात ने एक बार फिर अंधविश्वास के नाम पर होने वाली हिंसा का भयावह चेहरा सामने ला दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, दुगेली के धुरवापारा निवासी लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) को आयतु राम पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी शक के आधार पर दोनों ने उस पर हमला कर दिया। उसके चेहरे, सीने और पीठ पर लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण आयतु राम की मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

ग्रामीणों के संदेह से खुली हत्या की कड़ी

घटना की सूचना पर बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। धुरवापारा में ग्रामीणों और गवाहों से पूछताछ के दौरान लच्छू और मुद्दा के नाम सामने आए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया।

उनके कब्जे से लोहे का धारदार बंडा और घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 23 नवंबर को दोनों को जेएमएफसी न्यायालय बचेली में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!