राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। सिटी कोतवाली पुलिस ने ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरणों की बिक्री राशि में गबन के मामले में शोरूम के मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर किसानों को बेचे गए ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरणों की बिक्री राशि फर्म में जमा नहीं करने और कुल 11 लाख 7 हजार 893 रुपये का गबन करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुमुद उपाध्याय (52 वर्ष), पिता स्व. ऋषिकेश उपाध्याय, निवासी फ्लैट नंबर 19, इंदिरा नगर, वृंदावन कॉलोनी अरुण एग्रीकल्चर, बीजेपी कार्यालय के सामने स्थित ट्रैक्टर शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। प्रार्थी ने 17 अगस्त को थाना सिटी कोतवाली में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने 1 अप्रैल 2025 से 7 अप्रैल 2026 के बीच फर्म के ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरण किसानों को कुल 14 लाख 61 हजार 393 रुपये में बेचने के बाद बिक्री की पूरी राशि फर्म में जमा नहीं की। पूछताछ एवं जांच के दौरान आरोपी ने राशि के गबन की बात स्वीकार करते हुए 3 लाख 3 हजार 500 रुपये वापस किए, जबकि शेष 11 लाख 7 हजार 893 रुपये फर्म में जमा नहीं करना बताया गया।
शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 443/2026, धारा 316(4), 336(3), 344(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को थाना तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने तथा उसके कब्जे से खाता-बही जप्त किए जाने के बाद पुलिस को पर्याप्त सबूत मिले। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

