‘महतारी वंदन योजना’ में लापरवाही: जीवित महिला को बताया मृत, 14 हजार रुपए वापस लौटाने का थमाया नोटिस

 

बालोद। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ में बालोद जिले के अधिकारियों की बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने कुछ पात्र महिलाओं को अपात्र घोषित करते हुए पिछले 14 महीनों में मिली 14,000 रुपये की राशि लौटाने का नोटिस जारी किया है। हैरानी की बात यह है कि विभाग ने एक जीवित महिला को कागजों में मृत बता दिया है।

‘साहब, मैं जिंदा हूं’… उमा कोमिया ने लगाई गुहार

भेड़िया नवागांव निवासी मितानिन कार्यकर्ता उमा कोमिया को परियोजना अधिकारी कार्यालय बालोद से जारी नोटिस में ‘मृत हितग्राही’ दर्शाते हुए खाते में गई राशि वापस करने को कहा गया है। उमा ने बताया कि उनके पति जनपद कार्यालय में सचिव थे, लेकिन कुछ वर्षों से पैरालाइज्ड हैं। इस योजना से मिलने वाली राशि परिवार के लिए बड़ा सहारा थी। अब नोटिस मिलने के बाद पूरा परिवार तनाव में है और उमा खुद को जीवित साबित करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं।

बेटी की शादी के बाद मां को किया अपात्र

इसी तरह का एक अन्य मामला राजेश्वरी बाई का है। विभाग ने उनकी राशि यह कहकर बंद कर दी और रिकवरी नोटिस थमा दिया कि उनकी बेटी सरकारी नौकरी में है। राजेश्वरी बाई का तर्क है कि बेटी का विवाह हो चुका है और उसकी नौकरी का लाभ अब उसके ससुराल को मिल रहा है, ऐसे में उन्हें योजना से वंचित करना गलत है।

अधिकारियों ने कही जांच की बात

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे पूरी तरह पात्र हैं और उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे 14 हजार रुपये लौटा सकें। मामले पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा ने कहा कि “यह मामला बालोद परियोजना का है। किन परिस्थितियों में नोटिस जारी हुआ और त्रुटि कहां हुई, इसकी जानकारी मंगाकर जांच की जा रही है।”

समीक्षा और जांच के बाद सामने आएगी रिपोर्ट

जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा ने बताया कि जिले में महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 5 हजार अपात्र और संदिग्ध हितग्राहियों को नोटिस जारी किए गए हैं। 72 लाख की रिकवरी का नोटिस भेजा गया है। पात्रता श्रेणी में न आने के बावजूद ये लाभार्थी योजना का लाभ ले रहे थे। कुछ मामलों में हितग्राहियों की मृत्यु होने की भी संभावना है। फिलहाल सभी प्रकरणों की समीक्षा और जांच जारी है, जिसके बाद विस्तृत रिपोर्ट सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!