PCC चीफ बैज का बड़ा बयान, कहा – अर्जुन की तरह लक्ष्य साधेंगे, भाजपा को देंगे चुनौती

रायपुर। कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने लल्लूराम डॉट कॉम से एक्सक्लूसिव चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर को लेकर जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। शिविर में संगठन को और मजबूत करने के साथ-साथ राज्य सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों पर प्रभावी ढंग से आवाज उठाने की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

बैज ने कहा, प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा सकें। यह शिविर केवल संगठनात्मक मजबूती तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी मंथन किया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस अभी से रणनीति बनाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। बैज ने कहा, हमारे जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण के बाद अपने-अपने क्षेत्र में जाएंगे और अर्जुन की तरह लक्ष्य साधकर कौरव सेना का मजबूती से मुकाबला करेंगे। हमारा लक्ष्य मछली की आंख है, भाजपा के छल-प्रपंच से प्रदेशवासियों को दूर करना है।

नेताम के बयान पर बैज बोले – गांधीवादी विचारधारा की ट्रेनिंग देती है कांग्रेस

वहीं प्रशिक्षण शिविर को लेकर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा था कि कांग्रेस नेता भांग पीकर प्रशिक्षण दे रहे हैं, बड़े नेता आते हैं और घुट्टी पिलाते हैं, जिसका कोई फर्क नहीं पड़ता। इस पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा, कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा की ट्रेनिंग देती है, गोडसे की विचारधारा की नहीं। अगर रामविचार नेताम कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में एक घंटे भी बैठ जाएं तो वे मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे और भाजपा छोड़ देंगे।

भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है भाजपा

चंदखुरी में भगवान श्रीराम की नई प्रतिमा की स्थापना अब तक नहीं होने के मामले में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है। हमारी सरकार के समय मूर्ति बदलने का आदेश हुआ था। हम तत्काल नई प्रतिमा स्थापित करने की बात कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सिर्फ वोटों का ध्रुवीकरण करती है। भगवान राम को कुछ देने की बात आती है तो आंख बंद करके बैठ जाती है।

देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट मामले में हो कार्रवाई

सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट मामले में दीपक बैज ने कहा, हमारे आदिवासियों के बुढ़ादेव भगवान शिव हैं, धार्मिक भावनाएं भड़काने का काम किया जा रहा है। यह भाजपा का षड्यंत्र है। दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, प्रदेश में कानून-व्यवस्था फेल है, कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? इस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।

यूसीसी क्यों लाया जा रहा है?

यूसीसी को लेकर डीसीएम विजय शर्मा के बयान पर दीपक बैज ने कहा, यूसीसी क्यों लाया जा रहा है? छत्तीसगढ़ में 32 प्रतिशत आदिवासी हैं। पेसा कानून और पांचवीं अनुसूची को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है ।अपने चहेते उद्योगपतियों के लिए यूसीसी लाया जा रहा है, क्या यह आदिवासियों के हित में है?

बदहाल कानून व्यवस्था के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की तैयारी

सक्ती गोलीकांड पर कांग्रेस की गठित जांच कमेटी को लेकर बैज ने कहा, ऐसा लग रहा है कि हम छत्तीसगढ़ में नहीं, बल्कि यूपी-बिहार में हैं, जहां सरेराह गोलियां चलती हैं। सक्ती में एक युवती को नकाबपोश युवकों ने गोली मार दी। पीसीसी ने पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है, जो पीड़ित परिवार से मिलेगा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव मदद करेगा। बदहाल कानून-व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है।

क्या टोकन हटा देने से खाद की समस्या हल हो जाएगी?

खाद की कमी को और टोकन सिस्टम हटाए जाने को लेकर दीपक बैज ने कहा, किसानों और कांग्रेस की वजह से इन्हें नियम बदलना पड़ा। टोकन हटाना पड़ा, हम तो इसका विरोध कर ही रहे थे, लेकिन क्या टोकन हटा देने से समस्या हल हो जाएगी क्या ? अगर एक भी किसान आत्महत्या करता है तो इसकी जिम्मेदार बीजेपी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!