पोस्ट ऑफिस एजेंट गिरफ्तार: RD खाते में रकम जमा कराने के नाम पर 150 खाताधारकों से की करोड़ों की ठगी

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। चांपा पुलिस ने पोस्ट ऑफिस एजेंट को गिरफ्तार कर 150 से अधिक खाताधारकों से की गई ठगी का खुलासा किया है। आरोपी लोगों से RD खाते में रकम जमा कराने के नाम पर पैसे वसूलता था, लेकिन राशि पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं करता था। शुरुआती जांच में एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णकांत गुप्ता के रूप में हुई है। वह अपनी मां के साथ चांपा पोस्ट ऑफिस में एजेंट के रूप में काम करता था। आरोपी लोगों से पोस्ट ऑफिस में हर माह 3 हजार रुपये जमा कराने के नाम पर पैसे लेता था।

शिकायत के बाद मामले का हुआ खुलासा

मामले का खुलासा चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच उनसे 1 लाख 21 हजार रुपये लिए, लेकिन वह रकम पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं की गई। हेमंत ने जब अपने खाते की जानकारी जांची तो गड़बड़ी सामने आई।

डायरी में एंट्री, लेकिन रकम नहीं जमा

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी खाताधारकों की डायरी और पासबुक में राशि की एंट्री कर देता था, लेकिन वह रकम पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं करता था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 मोबाइल फोन, पासबुक और चेकबुक जब्त किया है। मामले में चांपा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!