बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गोटूलमुंडाव गांव में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवन की मांग को लेकर पालकों का आक्रोश सामने आया है। गुरुवार को उन्होंने स्कूल में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान बच्चे गेट के सामने ही पढ़ाई करते नजर आए।

दरअसल, प्राथमिक शाला और माध्यमिक शाला में कुल 41 बच्चे अध्ययनरत हैं। पालको का आरोप है कि स्कूल भवनों की स्थिति लंबे समय से खराब है, जिसके चलते बच्चों को अतिरिक्त कमरों में पढ़ाई करनी पड़ रही है।

तीन साल पहले तोड़ा गया था छत
बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पहले माध्यमिक शाला भवन की छत को नए सिरे से बनाने के लिए तोड़ा गया था, लेकिन अब तक भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। वहीं प्राथमिक शाला का भवन भी जर्जर हालत में है।

