
राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। राज्य स्तर पर संचालित “ऑपरेशन तलाश” के अंतर्गत जिला पुलिस ने पूरे छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान (49%) प्राप्त किया है। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में पुलिस टीमों ने संवेदनशीलता, तत्परता एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 01 से 30 अप्रैल तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ऑपरेशन तलाश के तहत 166 महिला एवं 88 पुरुष, कुल 254 गुमशुदा व्यक्तियों को दस्तयाब किया गया। वहीं ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत 23 बालिका एवं 03 बालक, कुल 26 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद किया गया। इस प्रकार माह अप्रैल में कुल 280 गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया। इस अभियान के दौरान राजनांदगांव पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ के साथ-साथ उत्तर प्रदेश (15), मध्यप्रदेश (06), आंध्रप्रदेश (09), तेलंगाना (17), ओडिशा (01), दिल्ली (01), महाराष्ट्र (18), गुजरात (04), कर्नाटक (02), झारखंड (04), पश्चिम बंगाल (04), राजस्थान (06), केरल (01), तमिलनाडु (02), बिहार (01), हिमाचल प्रदेश (01), उत्तराखंड (01) आदि राज्यों के विभिन्न जिलों में पहुंचकर गहन तलाश की गई। सभी गुमशुदाओं को विधिसम्मत कार्यवाही के बाद सुरक्षित उनके परिजनों को सौंपा गया, जिससे परिजनों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई एवं कई परिवारों में खुशी के आँसू देखने को मिले। यह सफलता पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के कुशल नेतृत्व, ऑपरेशन तलाश के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर , नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर किरो , एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक, एसडीओपी डोंगरगांव श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन तथा जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों की सक्रिय कार्यशैली का परिणाम है।


