शहर में सनसनीखेज वारदात; पूर्व महापौर के रिश्तेदार की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। शहर के चिखली थाना क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पूर्व महापौर के रिश्तेदार पप्पू देशमुख 50 वर्ष की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार यह घटना बीती रात लगभग 10 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है इस दौरान मृतक अपने घर पर मौजूद था, तभी तीन लोग उसके घर में घुसे। कुछ देर बाद वे उसे अर्द्धमूर्छित (बेहोशी की हालत) अवस्था में घर से बाहर निकालकर एक अन्य स्थान पर ले गए, जहाँ शक है कि चौथा आरोपी पहले से मौजूद था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान उसके साथ गंभीर मारपीट की गई होगी। पूर्व महापौर सुदेश देशमुख ने बताया कि घर के बाहर लगे CC TV कमरे में तीन लोग घर में घुसते दिखाई दे रहे है और फिर थोड़ी देर बाद वहीं 3 लोग उसे कंधे पर उठाकर बाहर की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की सतर्कता से पकड़े गए घटना को अंजाम देने के बाद, आरोपियों में से दो लोग पप्पू देशमुख को बसंतपुर जिला अस्पताल भी लेकर पहुंचे। वे अस्पताल में देशमुख को छोड़कर भागने की फिराक में थे, लेकिन डॉक्टरों की सतर्कता के चलते वे भागने में सफल नहीं हो पाए। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही रास्ते में पप्पू देशमुख की मौत हो चुकी थी। इसके बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने दोनों संदिग्धों को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिससे इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।
शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, मृतक और आरोपियों के बीच किसी पुरानी बात को लेकर विवाद या रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में से एक सागर वाहने का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिस पर पहले से ही कई थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने 2लोगों को रात में गिरफ्तार कर लिया था, वहीं तीसरे आरोपी को भी 17 अगस्त को दोपहर में गिरफ्तार किये जाने की जानकारी मिली है। वहीं, मामले का चौथा आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही इस पूरे मामले का आधिकारिक और विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!