रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में एक किराये के मकान से मां और बेटे के शव मिलने का मामला सामने आया है। छोटा अशोक नगर स्थित मकान में 52 वर्षीय जय जी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख के शव मिले हैं। दोनों पिछले करीब चार साल से यहां किराये पर रह रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे। कमरे से बदबू आने पर मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से बदबू आने की सूचना मिलने पर गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में दोनों के शव मिले।
फर्श पर मिला मां का शव, बिस्तर पर पड़ा था बेटा
पुलिस को कमरे के अंदर महिला का शव फर्श पर मिला, जबकि बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा था। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।

महिला करती थी ऑनलाइन टीचिंग, बेटा था बीमार
मिली जानकारी के अनुसार, जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं। वहीं, उनका बेटा हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। दोनों के पिछले कुछ दिनों से बाहर नहीं दिखने के बाद भी किसी को उनकी स्थिति की जानकारी नहीं थी।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल मां-बेटे की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

