महासमुंद। यातायात पुलिस महासमुंद द्वारा शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर में यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। निगरानी के दौरान एकता चौक पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 HC-2433 की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर उसे अस्पष्ट करने का मामला सामने आया। यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक का ₹1,500 का ई-चालान किया। जांच में सामने आया कि उक्त वाहन का पूर्व में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर ई-चालान किया जा चुका था। इसके बाद वाहन की पहचान छिपाने और ई-चालान की कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से नंबर प्लेट को अस्पष्ट करने की संभावना पाई गई। पुलिस ने पूर्व में भी वाहन चालक को नंबर प्लेट स्पष्ट और निर्धारित मापदंड के अनुरूप रखने की समझाइश दी थी।
यातायात पुलिस महासमुंद द्वारा शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ऐसे वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिनकी नंबर प्लेट को मोड़कर, ढककर, अस्पष्ट कर या किसी अन्य तरीके से छेड़छाड़ की जाती है। पुलिस का उद्देश्य ई-चालान से बचने के लिए अपनाए जाने वाले ऐसे तरीकों पर प्रभावी रोक लगाना है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नंबर प्लेट वाहन की पहचान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए नंबर प्लेट के स्वरूप में किसी भी तरह का बदलाव कर वाहन चलाना नियम विरुद्ध है। ऐसे मामलों में कार्रवाई केवल ई-चालान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमानुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वाहन चालक को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
वाहन चालक नियमों का पालन करें- महासमुंद पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने वाहनों में स्पष्ट, सही एवं निर्धारित प्रारूप की नंबर प्लेट ही लगाएं। नंबर प्लेट को ढकने, मोड़ने या उसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ से बचें। इसके साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का पालन करें। नंबर प्लेट छिपाकर या बदलकर ई-चालान से बचना संभव नहीं है। सीसीटीवी निगरानी में नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

