ग्रीन फार्म हाउस में लाखों की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। ग्राम देवादा स्थित सेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस में हुई चोरी की वारदात का सोमनी पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के एसी आउटडोर, एचटीपी पंप सहित अन्य सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। बरामद मशरूका एवं वाहन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार 20 अगस्त की रात 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 7:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ग्राम देवादा स्थित सेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस के मुख्य गेट का ताला तोड़कर 10 नग एसी आउटडोर, तीन सबमर्सिबल पंप, वाटर पंप, एचपी पंप, एचटीपी पंप, सीसीटीवी कैमरे और ब्लूटूथ साउंड बॉक्स सहित करीब 56,500 रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सोमनी में अपराध क्रमांक 164/26 के तहत धारा 305(ए), 331(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना सोमनी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू एवं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिरों को सक्रिय किया।

लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने विजय सोनवानी (26), निवासी ग्राम धीरी आबादीपारा, थाना सोमनी तथा नागेश्वर प्रसाद साहू (29), निवासी ग्राम खल्लारी, थाना गुण्डरदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 नग वोल्टास कंपनी के एसी आउटडोर, एक गोदरेज कंपनी का एसी, एक किसान क्राप कंपनी का एचटीपी पंप तथा चोरी में प्रयुक्त वाहन क्रमांक सीजी 07 सीके 3327 बरामद किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश और शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!