उर्स ड्यूटी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दो सौ पुलिसकर्मी हुए सम्मानित…

राजनंदगांव (दैनिक पहुना)। पुलिस अधीक्षक  अंकिता शर्मा द्वारा पारीनाला दरगाह में 21 से 25 अप्रैल तक आयोजित उर्स कार्यक्रम को शांति, सौहार्द एवं सुव्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले 200 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समस्तअधिकारी-कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, लगन एवं तत्परता के साथ करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मियों की सराहना करते हुए कहा
“आपकी निष्ठा, त्याग एवं कर्तव्यपरायणता ही पुलिस विभाग की वास्तविक शक्ति है। आपने जिस समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।” उन्होंने आगे कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, अनुशासन एवं सेवा भावना बनाए रखते हुए शांति व्यवस्था कायम रखना ही पुलिस की पहचान है, और आप सभी ने इस पहचान को और अधिक सशक्त किया है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली गई तथा उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को भी संवेदनशीलता के साथ सुना गया। साथ ही, उनके त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपने बीच पुलिस अधीक्षक को पाकर सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गौरवान्वित एवं भावुक दिखाई दिए। सम्मान प्राप्त कर उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो, पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम एवं एंब्रोस कुजूर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!