महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. आश्रम स्कूल के हॉस्टल में सो रही 6 छात्राओं को रविवार रात जहरीले सांप ने डसा लिया, जिनमें तीन छात्राओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. जबकि तीन अन्य छात्राओं पर जहर का गंभीर असर है और वे अस्पताल में जिंदगी व मौत से लड़ रही हैं. सांप के हमले का शिकार हुई सभी छात्राएं 5वीं से 8वीं तक की कक्षाओं में पढ़ती हैं.
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली स्थित आश्रम स्कूल में रात को सर्पदंश से तीन छात्राओं की मौत हो गई है. तीन अन्य छात्राओं का इलाज अभी भी जारी है.
गढ़चिरोली जिले के धानोरा तालुका स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त जपटलाई स्थित आवासीय आश्रम स्कूल में सैकड़ों छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं. रोज की तरह शनिवार रात भी छात्राएं अपने कमरे में सो रही थीं. देर रात किसी जहरीले सांप ने फर्श पर सो रही तीन छात्राओं को डस लिया. जिसके बाद मौत हो गई. वहीं, तीन अन्य छात्राएं अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रही है.
इस भयावह हादसे के बाद आश्रम स्कूल के साथ-साथ पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और छात्राओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सांप के हमले का शिकार हुई सभी छात्राएं 5वीं से 8वीं तक की कक्षाओं में पढ़ती हैं. ये सभी छात्राएं एक ही कमरे में सो रही थीं, जहां पहुंचे सांप ने इन सभी पर बारी-बारी से हमला कर दिया.
घटना के बाद छात्रावास में रहने वाली अन्य छात्राओं में भी डर और दहशत का माहौल है। कुछ छात्राओं को घबराहट, बेचैनी और उल्टी जैसी शिकायतें होने की जानकारी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जनजातीय विकास मंत्री अशोक उइके ने तत्काल संज्ञान लिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

