सड़क के लिए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, युवाओं का अनशन जारी….

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ में डोंगाकोहरौद सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। शुक्रवार सुबह 10 बजे से पामगढ़ के अंबेडकर चौक पर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है।आंदोलन की अगुवाई महिलाएं कर रही हैं, जबकि बड़ी संख्या में पुरुष और युवा भी प्रदर्शन में शामिल हैं।

आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक चक्काजाम समाप्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीण प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं और अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार, सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर गांव के 8 युवक पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। अब आंदोलन ने व्यापक रूप ले लिया है।

आंदोलन को पामगढ़ के व्यापारियों का समर्थन

आंदोलन को पामगढ़ के व्यापारियों का भी समर्थन मिला है। प्रदर्शन के समर्थन में नगर के अधिकांश व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद हैं, जिससे पूरे बाजार में सन्नाटा पसरा है। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटना स्थल पर मौजूद हैं और लगातार आंदोलनकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

एसडीएम के आश्वासन के बाद भी प्रदर्शन जारी

एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य जारी है। उन्होंने दिसंबर माह से सड़क निर्माण शुरू कराने का दावा किया। हालांकि प्रशासन के इस आश्वासन के बावजूद ग्रामीण पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और चक्काजाम जारी रखा। फिलहाल पामगढ़ में हालात पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। आंदोलन जारी रहने से यातायात प्रभावित है और प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!