एमपी/ सागर। गढ़ाकोटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेगुवां में ईमानदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। मकान निर्माण के दौरान खोदाई में मिले 49 प्राचीन चांदी के सिक्कों को गृहस्वामी ने बिना किसी लालच के पुलिस को सौंप दिया। उनके इस कदम की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रेगुवां निवासी दयाल अहिरवार पिता प्रहलाद अहिरवार अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। मकान की नींव की खोदाई के दौरान मजदूरों को जमीन में दबा एक पुराना पात्र मिला।
पात्र को बाहर निकालकर देखने पर उसमें 49 चांदी के सिक्के रखे हुए पाए गए। सिक्कों पर उर्दू-फारसी लिपि में लेख अंकित हैं। उनकी बनावट और स्वरूप को देखकर प्रारंभिक तौर पर इन्हें मुगलकालीन माना जा रहा है।
जमीन के मालिक ने पुलिस को सौंपे सिक्के
हालांकि सिक्कों की वास्तविक प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व का निर्धारण विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगा। गड़ा हुआ धन मिलने के बावजूद दयाल अहिरवार ने ईमानदारी का परिचय देते हुए तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और सभी सिक्के पुलिस के सुपुर्द कर दिए। पुलिस ने नियमानुसार सिक्कों को जब्त कर मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है।
थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया कि सिक्कों को जांच एवं पुरातात्विक मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार संबंधित विभाग को भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच के बाद ही इनके ऐतिहासिक महत्व और मूल्य के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। ग्रामीणों ने दयाल अहिरवार की ईमानदारी की प्रशंसा की।


