
लाइइस्टाइल। गर्मियों का मौसम आते ही शरीर में गर्मी बढ़ने लगती है, जिसकी वजह से थकान, डिहाइड्रेशन, मुंह के छाले और पेट से जुड़ी परेशानियां आम हो जाती हैं. ऐसे में खानपान में ऐसी चीजों को शामिल करने की सलाह दी जाती है, जो शरीर को ठंडक पहुंचाएं. इन्हीं में से एक है गुलकंद. गुलाब की ताजी पंखुड़ियों और मिश्री या चीनी से तैयार होने वाला गुलकंद स्वाद में जितना खास होता है, सेहत के लिए भी उतना ही फायदेमंद माना जाता है.

आमतौर पर गुलकंद का इस्तेमाल पान में किया जाता है, लेकिन आयुर्वेद में इसे शरीर को ठंडा रखने वाली बेहतरीन चीज माना गया है. गर्मियों में रोजाना सीमित मात्रा में गुलकंद खाने से शरीर को कई तरह के फायदे मिल सकते हैं.
गर्मी कम करता है
सबसे बड़ा फायदा यह है कि गुलकंद शरीर की गर्मी को कम करने में मदद करता है. तेज धूप और बढ़ते तापमान की वजह से कई लोगों को नाक से खून आना, एसिडिटी या पेट में जलन जैसी समस्याएं होने लगती हैं. ऐसे में गुलकंद शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाता है और गर्मी के असर को कम करने में मदद करता है.
पाचन तंत्र करे बेहतर
इसके अलावा, गुलकंद पाचन तंत्र के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. गर्मियों में तला-भुना और मसालेदार खाना खाने से कब्ज और अपच की समस्या बढ़ सकती है. गुलकंद में मौजूद प्राकृतिक गुण पाचन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं और पेट को शांत रखते हैं. रात में दूध के साथ गुलकंद खाने से कब्ज की परेशानी से राहत मिल सकती है.
छालें की समस्या करे दूर
गुलकंद मुंह के छालों की समस्या में भी राहत देता है. शरीर में अधिक गर्मी बढ़ने पर अक्सर मुंह में छाले हो जाते हैं, जिससे खाना-पीना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में गुलकंद का सेवन शरीर की गर्मी को संतुलित करने में मदद करता है और छालों से आराम दिला सकता है.
मानसिक तनाव भी कम
मानसिक तनाव और थकान कम करने में भी गुलकंद को उपयोगी माना जाता है. इसकी खुशबू और ठंडक देने वाले गुण मूड को रिलैक्स करने में मदद कर सकते हैं. गर्मियों में होने वाली बेचैनी और थकावट को कम करने के लिए कई लोग इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं.
पिंपल्स, रैश से छुटकारा
गुलकंद त्वचा के लिए भी लाभकारी माना जाता है. शरीर में गर्मी बढ़ने पर स्किन पर पिंपल्स और रैशेज जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. गुलकंद शरीर को ठंडा रखकर त्वचा को हेल्दी बनाए रखने में मदद करता है.
सीमित मात्रा में करें सेवन
हालांकि, गुलकंद में चीनी की मात्रा ज्यादा होती है, इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए. डायबिटीज के मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बाद ही इसे अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए. स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल माना जाने वाला गुलकंद गर्मियों में शरीर को ठंडक देने के साथ कई समस्याओं से राहत दिलाने में मदद कर सकता है. यही वजह है कि इसे समर डाइट का हिस्सा बनाना फायदेमंद माना जाता है.

