बसंतपुर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, धारदार चाकू बरामद
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। नंदई चौक स्थित दुर्गा मंच के पास आम स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले युवक को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर को सूचना मिली थी कि नंदई चौक, दुर्गा मंच के पास एक युवक चाकू लेकर लहरा रहा है और लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना बसंतपुर की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी तरूण पवार (24), पिता राजू पवार, निवासी नंदई को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ। मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना बसंतपुर में हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी और मारपीट जैसे अपराधों से संबंधित प्रकरण दर्ज रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में की गई। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

